सपा इस समय भाजपा के साथ बसपा का भी कर रही मुकाबला : अखिलेश

उन्नाव से कांग्रेस की सांसद रहीं अन्नू टंडन ने सोमवार को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस अवसर पर पार्टी मुख्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा इस समय अकेले ही भाजपा के साथ बसपा का भी मुकाबला कर रही है। ये दोनों आपस में मिले हैं। उन्होंने कहा कि आज ही बसपा की मुखिया ने इस बारे में सफाई दी है। अखिलेश ने कहा कि, पूर्व कांग्रेस सांसद अनु टंडन के सपा में शामिल होने पर मैं उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं और अभिनंदन करता हूं। इनके साथ बड़ी संख्या में आए साथी सहयोगियों का भी मैं स्वागत करता हूं। समाजवादी पार्टी का प्रदेश में कोई विकल्प नहीं है। पार्टी भाजपा के साथ बसपा का भी मुकाबला कर रही है। यह दोनों आपस में मिले हैं।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में संविधान खतरे में है। दलितों, पिछड़ों, सवर्णों सभी को अपमानित किया जा रहा है। इस भाजपा सरकार को हटाकर एक अच्छी सरकार बनाना है। इसीलिए हम समाजवादी पार्टी में अच्छे लोगों को जोड़ रहे हैं। जनहित की सरकार बनेगी तभी खुशहाली आएगी। शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ अवस्थापना सुविधाओं का भी विस्तार होगा। किसानों को लाभ मिलेगा।
श्री यादव ने कहा हम सभी जाति, धर्म और वर्गों को साथ लेकर चलते है। समाजवादियों की यही सोच है कि साइकिल को दो पहियों में एक डॉ0 अम्बेडकर की तो दूसरी डॉ0 लोहिया की विचारधारा है। समाजवादी पार्टी सभी को साथ लेकर चलने की हिमायती है।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा और बसपा दोनों समाजवादी पार्टी को हराने में एक साथ है, आखिर कोई वजह तो इसके पीछे होगी जिससे दोनों ही हमसे लड़ना चाहती हैं। जबकि हमारा लक्ष्य 2022 के विधानसभा चुनाव पर हैं।
श्री यादव ने कहा कि कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। यह बीमारी जहां से चली थी वहां और फैल रही है। दुबारा लॉकडाउन हुआ तो हमारी रोटी-रोजगार का क्या होगा? उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास पर बहस नहीं चाहती है। किसान को ड्योढी कीमत देने का क्या हुआ? मंडियों की स्थापना कहां हुई? अनावश्यक मुद्दों पर भाजपा जनता को गुमराह करना चाहती है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकारी सम्पत्ति को बेच रही है। मुख्यमंत्री के गृह जनपद में अपराध थम नहीं रहे हैं। बेटियों की सुरक्षा के लिए समाजवादी सरकार में 1090 सेवा से 8 लाख बहनों को मदद मिली थी। अब इसे बंद कर दो मंजिला झोपड़ी (पिंक हट) बनाकर सुरक्षा का हवाई वादा हो रहा है। कोई अच्छी कम्पनी काम करने नहीं आ रही है। ग्रीन सोलर एनर्जी सहित एक यूनिट बिजली भी इस सरकार में नहीं बनी। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री जी के पास दिव्यशक्ति है पर उनकी कैसी भाषा है 'ठोक दो।' इस ठोक दो नीति के कारण अपराधों में वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री जी की यह भाषा आलोकतांत्रिक और अमानवीय है।

पाल वर्ल्ड टाइम्स की खबरों को शेयर करें और सोशल मीडिया पर भी फॉलो करना न भूलें।