वसुधैव कुटुम्बकम् के संस्कृति वाला भारत ही विश्व में शान्ति स्थापित करेगा।  

सम्पादकीय 
    पाल वल्र्ड टाइम्स की यह न्यूज तथा वैवाहिक वेबसाइट जनहित में सुधी पाठकों को सौंपते हुए हमें सुखद अनुभूति हो रही है। इस वेबसाइट का निर्माण विवाह योग्य बेटी-बेटों के विचारशील माता-पिता के आर्थिक सहयोग से हुआ है। समाज इन विचारशील तथा जनहितैषी माता-पिताओं का सदैव ऋणी रहेगा। पाल वल्र्ड टाइम्स वेबसाइट का हमारा मुख्य उद्देश्य ‘वसुधैव कुटुम्बकम् - जय जगत’ के सार्वभौमिक विचारों को जन-जन तक पहुँचाना है। हमारा प्रबल विश्वास है कि ईश्वर एक है, धर्म एक है तथा मानव जाति एक है। यह सारा विश्व एक कुटुम्ब के समान है। 
    प्यार और सहकार से भरा-पूरा परिवार ही धरती का स्वर्ग है। विश्व एकता की सबसे सशक्त इकाई परिवार है। परिवार एक ईट के समान है। विश्व रूपी भवन का निर्माण परिवार रूपी एक-एक ईट को जोड़कर होता है। परिवार रूपी ईट के मजबूत होने से विश्व रूपी भवन मजबूत तथा टिकाऊ होता है। पारिवारिक एकता ही विश्व एकता की आधारशिला है।  
    हमारा मानना है कि अन्धकार का कोई अस्तित्व नहीं होता है। प्रकाश का अभाव ही अन्धकार है। 
अन्धकार को क्यों धिक्कारे, अच्छा है कि एक दीप जलाये। यदि कमरे में अंधेरा है तो वह लाठी से भागने से नहीं मिटेगा। उसे भगाने के लिए कमरे में एक छोटा सा दीपक जलाने से अंधेरा स्वतः भाग जायेगा।   
    मैं अपने लगभग 39 वर्षों के शैक्षिक अनुभव के आधार पर पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि गुणात्मक शिक्षा विश्व का सबसे शक्तिशाली हथियार है जिसके द्वारा विश्व को बदला जा सकता है। नई 21वीं सदी की शिक्षा का स्वरूप विगत 20वीं सदी की शिक्षा से अलग होना चाहिए। बच्चों का गुणात्मक शिक्षा के द्वारा विश्वव्यापी दृष्टिकोण विकसित करना इस युग की सबसे बड़ी आवश्यकता है। संसार के प्रत्येक बालक का संकल्प होना चाहिए कि एक दिन दुनिया बदलूँगा धरती स्वर्ग बनाऊँगा, विश्व शान्ति का सपना एक दिन सच कर दिखलाऊँगा। यह सारा विश्व अपना है पराया नहीं। 
    कोरोना महामारी के वैश्विक संकट के वर्तमान समय में सम्पूर्ण स्वास्थ्य के लक्ष्य को प्राप्त करना आवश्यक हो गया है। सम्पूर्ण स्वस्थ व्यक्ति के निर्माण से हमारा तात्पर्य ऐसे व्यक्ति का निर्माण करना है जो शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक, सामाजिक, आर्थिक तथा आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ हो। वैश्विक कोरोना महामारी ने सारी मानव जाति को अहसास कराया है कि अन्तर्राष्ट्रीय समस्याओं का हल विश्व के सभी देशों को आपस में मिल-जुलकर निकलना होगा। 
    विश्व के किसी भी लोकतांत्रिक देश का संचालन कानून तथा संविधान के द्वारा होता है। इसी प्रकार सारे विश्व को लोकतांत्रिक ढंग से चलाने के लिए वैश्विक लोकतांत्रिक व्यवस्था का निर्माण आवश्यक हो गया है। इसके लिए समय रहते हमें संयुक्त राष्ट्र संघ को शक्ति प्रदान करके ‘विश्व संसद’ का स्वरूप प्रदान करना चाहिए। हमारा विश्वास है कि वसुधैव कुटुम्बकम् के संस्कृति वाला भारत ही विश्व में शान्ति स्थापित करेगा।  
    हम वर्तमान वैश्विक डिजीटल युग में प्रिन्ट, इलेक्ट्रानिक तथा सोशल मीडिया का भरपूर सकारात्मक उपयोग करके विश्व के प्रत्येक घर तथा प्रत्येक परिवार को प्रकाशित करने के लिए आप सभी के सहयोग से निरन्तर प्रयासरत हैं। हमें तो आखिरी घर तक दीपक जलाना है।  
    हमें विश्वास है कि पाल वल्र्ड टाइम्स वेबसाइट पाठकों को अत्यन्त समाधानपरक, रोचक तथा उपयोगी लगेगी। वेबसाइट को रोजाना और अधिक आकर्षक एवं समाजोपयोगी बनाने तथा सामग्री व साज-सज्जा में अपेक्षित सुधार लाने के लिए समस्त सुधी पाठकों से उनके महत्वपूर्ण सुझाव सादर आमंत्रित हैं।
- प्रदीप कुमार सिंह ‘प्रदीप जी’
 

पाल वर्ल्ड टाइम्स की खबरों को शेयर करें और सोशल मीडिया पर भी फॉलो करना न भूलें।